Advertisement

3 करोड़ से बनेगा नगर पालिका का नया शॉपिंग कॉम्प्लेक्स

उत्तरकाशी। नगर पालिका पुरोला में जल्द ही आधुनिक और स्थायी शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का निर्माण होगा। वर्ष 2024 की आपदा में क्षतिग्रस्त हुए अस्थायी शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के स्थान पर करीब तीन करोड़ की लागत से नया परिसर बनाया जाएगा। इसके लिए नगर पालिका ने डीपीआर तैयार कर शासन को भेज दी है। शासन से स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। नए कॉम्प्लेक्स के बनने से जहां व्यापार को बढ़ावा मिलेगा वहीं क्षेत्र के युवाओं और छोटे कारोबारियों के लिए स्वरोजगार के नए अवसर भी खुलेंगे।नगर पालिका की ओर से पूर्व में स्थानीय व्यापार को प्रोत्साहित करने और छोटे कारोबारियों को रियायती दरों पर दुकानें उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 30 से अधिक दुकानों वाला अस्थायी शॉपिंग कॉम्प्लेक्स बनाया गया था। वर्ष 2024 में भारी बारिश के दौरान मोरी मोटर मार्ग की ओर हुए भूस्खलन से परिसर की कुछ दुकानें क्षतिग्रस्त हो गई थीं।
व्यापार मंडल अध्यक्ष अंकित पंवार, अंकुश भंडारी, कैलाश कुमार और जगेंद्र कंडारी ने कहा कि नए और सुरक्षित शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के निर्माण से छोटे व्यापारियों को व्यवस्थित बाजार उपलब्ध होगा। साथ ही युवाओं को अपना कारोबार शुरू करने का अवसर मिलेगा। इससे नगर पालिका की आय में भी बढ़ोतरी होगी और बाजार में व्यावसायिक गतिविधियां बढ़ेंगी।वहीं, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी प्रदीप दयाल ने बताया कि आपदा में भूस्खलन से कुछ दुकानें क्षतिग्रस्त होने के बाद सुरक्षा की दृष्टि से पूरा परिसर खाली कराया गया था। अब करीब तीन करोड़ की लागत से स्थायी और मजबूत शॉपिंग कॉम्प्लेक्स बनाने के लिए डीपीआर शासन को भेजी गई है। स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *