Advertisement

400 सीसीटीवी कैमरों की नजर में रहेंगी दून की सडक़ें

देहरादून। देहरादून शहर की सडक़ों की 400 सीसीटीवी कैमरे निगरानी करेंगे। केंद्रीय शिक्षा मंत्री डॉ.रमेश पोखरियाल निशंक की ओर से ली गई सडक़ सुरक्षा सप्ताह बैठक में जिलाधिकारी आशीष श्रीवास्तव ने यह जानकारी दी। मंत्री निशंक ने वर्चुअल माध्यम से हरिद्वार और देहरादून की जिला सडक़ सुरक्षा समिति की बैठक ली। बैठक में उन्होंने सभी सदस्यों को सडक़ सुरक्षा की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि जिस अस्पताल में कोरोना वैक्सीन का बैनर लगा है, वहां सडक़ सुरक्षा के उपाय का बैनर भी लगाया जाए। उन्होंने शिक्षा विभाग को बच्चों के लिए सडक़ सुरक्षा अभियान चलाने के निर्देश दिए। स्कूलों में सडक़ सुरक्षा अभियान की प्रतियोगिताओं के माध्यम से जागरूकता अभियान चलाने को भी कहा। उन्होंने देहरादून के डीएम से सडक़ दुर्घटनाओं के बारे में पूछा तो उन्होंने बताया कि शहर में 400 सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। मंत्री निशंक ने बल्लीवाला फ्लाईओवर पर हो रही दुर्घटनाओं पर चिंता जताते हुए लोक निर्माण विभाग से पूछा कि फ्लाईओवर का डिजाइन क्यों बदला गया। उन्होंने अगली बैठक में एनएचएआई के चीफ इंजीनियर को तलब किया है। रायपुर विधायक उमेश शर्मा काऊ ने जोगीवाला से लाडपुर जाने वाले मार्ग पर हो रही दुर्घटनाओं पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि मोहकमपुर फ्लाईओवर से उतरते ही जोगीवाला चौक पर लगने वाला जाम चिंता का विषय है। बैठक में आईएसबीटी से रिस्पना हरिद्वार बाईपास पर होने वाली दुर्घटनाओं का मुद्दा महेश पांडेय ने उठाया तो मंत्री निशंक ने डीएम को बाईपास का निर्माण जल्द कराने के निर्देश दिए। बैठक में एसएसपी योगेंद्र रावत, एआरटीओ मीनाक्षी सहित परिवहन विभाग के कई अधिकारी मौजूद रहे।