पहाड़ भारत

खबर पहाड़ की

कांग्रेस ने मतदाता सूची में गड़बड़ी का अरोप लगाया

विकासनगर(आरएनएस)। निकाय चुनाव की मतदाता सूची में गड़बड़ी की शिकायत को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी का घेराव किया। नगर पालिका कार्यालय पहुंचे कार्यकर्ताओं ने कहा कि मतदाता सूची में साजिश के तहत फर्जी नाम जोड़े जा रहे हैं। उन्होंने सूची में पात्र लोगों का ही नाम जोड़ने की मांग की। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का नेतृत्व कर रहे निवर्तमान सभासद एवं पूर्व कांग्रेस शहर अध्यक्ष शम्मी प्रकाश ने कहा कि निकाय प्रशासन किसी के दबाव में आकर बड़े पैमाने पर बाहरी लोगों के नाम मतदाता सूची में जोड़ रहा है। इससे एक दल विशेष को फायदा पहुंचाने की योजना है। इस तरह की गड़बड़ी हर चुनाव के दौरान की जाती है। लोगों से आवश्यक दस्तावेज लिए बिना ही मतदाता सूची में नाम जोड़ दिया जाता है, जिससे चुनाव प्रभावित होता है। कहा कि कई बार साजिश के तहत चुनाव से कुछ समय पहले कुछ लोगों को बतौर किरायेदार विकासनगर में रहने के लिए बुला लिया जाता है। मतदाता सूची में उनका नाम जोड़कर उन्हें किसी खास प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने को कहा जाता है। चुनाव समाप्त होते ही ऐसे लोगा शहर से गायब हो जाते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि निकाय चुनाव नजदीक आते ही कई बाहरी लोग यहां आने लगे हैं। इससे अचानक वार्डों की जनसंख्या बढ़ने लगी है। लिहाजा में वोटर लिस्ट में उन्हीं लोगों के नाम जोड़े जाएं, जिनके पास स्थानीय पहचान पत्र या आधार कार्ड में निकाय क्षेत्र का पता दर्ज हो। ईओ का घेराव करने वालों में शहर कांग्रेस अध्यक्ष कितेश जायसवाल, निवर्तमान जिला उपाध्यक्ष हरीश ग्रोवर, पूर्व सभासद अनुपम कपिल आदि शामिल रहे।