अल्मोड़ा। अल्मोड़ा के अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन ने जर्मनी में आयोजित हायलो ओपन बैडमिंटन चैंपियनशिप का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया है। वह इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट को दूसरी बार जीतने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी बन गए हैं। जर्मनी के सारब्रूकेन में 27 अक्टूबर से 1 नवंबर तक आयोजित प्रतियोगिता के फाइनल में लक्ष्य ने इंडोनेशिया के जोनाथन क्रिस्टी को सीधे सेटों में हराकर खिताब अपने नाम किया। साल की शुरुआत में ऑल इंग्लैंड बैडमिंटन चैंपियनशिप में रजत पदक जीतने वाले लक्ष्य पिछले कुछ समय से चोटों से जूझ रहे थे। हालांकि, उन्होंने शानदार वापसी करते हुए एक बार फिर अपनी लय हासिल कर ली है। हाल ही में इंडिया ओपन के क्वार्टर फाइनल तक पहुंचने के बाद उन्होंने जर्मनी में भी दमदार प्रदर्शन किया और खिताब जीतकर अपनी उपलब्धियों में एक और बड़ा अध्याय जोड़ दिया। प्रतियोगिता में लक्ष्य ने शुरुआत से ही शानदार खेल दिखाया। क्वार्टर फाइनल में उन्होंने फिनलैंड के काले कोल जोनेन को 14-21, 21-17, 21-13 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। इसके बाद सेमीफाइनल में फ्रांस के टोमे जूनियर पोपोव को 21-17, 21-13 से शिकस्त देकर फाइनल में प्रवेश किया। खिताबी मुकाबले में लक्ष्य ने इंडोनेशिया के जोनाथन क्रिस्टी को 21-17, 21-10 से सीधे गेमों में हराकर खिताब जीत लिया। लक्ष्य इससे पहले वर्ष 2019 में भी हायलो ओपन का खिताब जीत चुके हैं। उस दौरान उन्होंने लगातार पांच अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया था। अब छह साल बाद दूसरी बार यह खिताब जीतकर उन्होंने विश्व बैडमिंटन में अपनी विशेष उपलब्धि दर्ज कराई है। लक्ष्य सेन की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर उत्तराखंड बैडमिंटन संघ की अध्यक्ष डॉ. अलकनंदा अशोक, सचिव बीएस मनकोटी, कोषाध्यक्ष रामावतार अग्रवाल सहित संघ के पदाधिकारियों ने खुशी जताई है। अल्मोड़ा बैडमिंटन संघ के अध्यक्ष सुरेश कर्नाटक, उपाध्यक्ष गोकुल सिंह मेहता और राकेश जायसवाल, जिला क्रीड़ा अधिकारी महेशी आर्या, नंदन रावत, अमरनाथ सिंह रजवार, विजय प्रताप सिंह, डीके जोशी, संजय नज्जौन, शेखर लखचौरा, संजय अग्रवाल और हेम तिवाड़ी सहित बैडमिंटन परिवार के सदस्यों एवं खिलाड़ियों ने लक्ष्य और उनके परिजनों को बधाई दी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि लक्ष्य आगामी प्रतियोगिताओं में भी इसी तरह शानदार प्रदर्शन कर देश और उत्तराखंड का नाम रोशन करेंगे।














Leave a Reply