Advertisement

टोल प्लाजा कर्मचारियों की मनमानी को लेकर धर्मावाला टोल प्लाजा पर जमकर हंगामा

विकासनगर। बल्लूपुर-पांवटा हाईवे पर धर्मावाला चौक स्थिति टोल प्लाजा पर शुक्रवार को जमकर हंगामा हुआ। टोल प्लाजा कर्मचारियों पर स्थानीय ग्रामीणों के साथ मनमानी और परेशान करने का आरोप लगाते हुए जिला पंचायत सदस्य सुमित नेगी ने नेतृत्व में ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। इस दौरान जिला पंचायत सदस्य की टोल प्लाजा कर्मचारियों के साथ नोकझोंक भी हुई। बामुश्किल पुलिस ने मामले को शांत कराया। उन्होंने चेतावनी दी कि स्थानीय लोगों को अगर जानबूझ कर परेशान किया गया तो आंदोलन किया जाएगा। बल्लुपुर-पांवटा हाईवे पर धर्मावाला में टोल प्लाजा बनाया गया है। टोल प्लाजा के आसपास ग्रामीणों की जमीने और खेती है। जिसके लिए उन्हें रोज कई बार आना-जाना पड़ता है। स्थानीय लोगों को आधार और आईकार्ड दिखाने पर छूट का प्रावधान किया गया है, लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि इसके बाद भी उन्हें टोल प्लाजा कर्मियों की ओर से जानबूझ कर रोका और परेशान किया जाता है। शिकायत के बाद शुक्रवार को जिला पंचायत सदस्य सुमित नेगी के नेतृत्व में ग्रामीण टोल प्लाजा पर पहुंचे। वहां उन्होंने टोल प्लाजा कर्मचारियों के व्यवहार के खिलाफ जमकर अपना आक्रोश व्यक्त किया। इस दौरान सुमित नेगी, ग्रामीणों के साथ टोल प्लाजा कर्मचारियों की तीखी नोंकझोंक भी हुई। पुलिस ने बीचबचाव कर मामला शांत किया। जिला पंचायत सदस्य सुमित नेगी ने कहा कि स्थानीय लोगों को प्लाजा में टोल टैक्स में छूट दी गई है। लेकिन इसके बाद भी प्लाजा कर्मचारी जानबूझ कर स्थानीय ग्रामीणों और किसानों को परेशान कर रहे हैं। जिसे किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अगर मनमानी और परेशान करना बंद नहीं हुआ तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष राहुल शर्मा, ग्राम प्रधान फतेहपुर सुनील कश्यप, हर्ष शर्मा, जमाल खान, इकबाल हसन, पवन कुमार, फरीद, लक्ष्मी वर्मा, समीर,निशांत, जाहिद हसन आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *