Advertisement

सचिवालय गेट पर आत्मदाह की चेतावनी से मचा हडक़म्प

रुडकी। देहरादून में सचिवालय के सामने आत्मदाह की चेतावनी देने वाले ग्रामीण की तलाश में पुलिस, प्रशासन को पसीने आ गए। ग्रामीण कस्बे में अपनी बहन के घर पर सोता मिला। पुलिस ने ग्रामीण को हिरासत में लेकर 24 घंटे के लिए नजरबंद कर दिया है। रायसी चौकी क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति लंबे समय से ग्रामसभा में हुए विकास कार्यों में हेराफेरी की शिकायत कर रहा है। कई बार जिला, तहसील और ब्लॉक स्तर पर इसकी जांच हुई लेकिन शिकायत गलत मिली। कार्रवाई नहीं होने पर उसने पिछले दिनों देहरादून में सचिवालय गेट पर आत्मदाह करने की चेतावनी दी थी। पहले भी ऐसी चेतावनी देने की वजह से पुलिस, प्रशासन ने गंभीरता से नहीं लिया। सोमवार शाम जानकारी मिली कि मंगलवार को वह देहरादून के लिए रवाना हो रहा है। इसका पता चलते ही एसडीएम और पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीण से बात की तो उसने भी देहरादून जाकर आत्मदाह करने की बात कहकर फोन बंद कर लिया। इस पर पुलिस उसके घर पहुंची लेकिन वह घर नहीं मिला। काफी मशक्कत के बाद बी पता नहीं चलने पर पुलिस ने ग्रामीण के बेटे से सख्ताई से पूछताछ की तो उसने पिता के लक्सर में बुआ के घर होने की बात कही। इसके बाद पुलिस बुआ के घर पहुंची, तो ग्रामीण वहां सोता मिल गया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर 24 घंटे के लिए घर पर नजरबंद कर दिया। एसडीएम पूरण सिंह राणा ने बताया कि पुलिस को ग्रामीण के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं।