Advertisement

बलात्कार मामले में एएसपी ने दिए कार्रवाई के आदेश

रुडकी। पथरी के गांव में युवक ने पड़ोस के घर में अकेली महिला से बलात्कार किया। इसके बाद आरोपी पक्ष ने महिला व उसके पति को 4 दिन तक घर में ही बंधक बनाए रखा। किसी तरह वहां से भागने के बाद पीडि़त पक्ष ने एएसपी लक्सर से शिकायत की है। लक्सर के एक गांव का एक परिवार पिछले कुछ साल से पथरी थाना क्षेत्र के एक गांव में मकान बनाकर रह रहा है। 28 नवंबर को पति एक शादी समारोह में गया हुआ था। आरोप है कि इस दौरान पड़ोसी युवक उसके घर में घुसा और उसकी पत्नी से बलात्कार किया, जबकि युवक के साथ आया उसका एक दोस्त दरवाजे पर खड़ा होकर पहरा देता रहा। घर लौटने पर महिला ने पति को जानकारी दी। पति ने आरोपी युवक के परिवार से शिकायत की तो उन्होंने उल्टे पति, पत्नी से मारपीट की। इसके बाद पति शिकायत के लिए थाने जाने को तैयार हुआ, लेकिन आरोपी पक्ष ने उन्हें उनके ही घर में बंधक बना लिया। चार दिन के बाद मौका मिलने पर दोनों किसी तरह वहां से भागे और अपने गांव निहंदपुर पहुंचे। निहंदपुर में रहने वाले उनके परिजन दोनों को लेकर एएसपी लक्सर राजन सिंह से मिले और उनसे पूरे मामले की लिखित शिकायत की। एएसपी सिंह ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए पथरी पुलिस को तत्काल मामले की जांच करके कार्रवाई करने के आदेश दे दिए गए हैं। पीडि़त महिला के पति ने बताया कि एएसपी के आदेश के बाद पथरी पुलिस ने उसकी पत्नी के बयान दर्ज किए हैं।